मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को उत्तरकाशी दौरे के दौरान धार्मिक पर्यटन और शिक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने उत्तरकाशी में विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर विकसित करने का ऐलान किया। इसके साथ ही भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ मंदिर और मां शक्ति मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद रामलीला मैदान में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में हिस्सा लिया। उन्होंने यहां सेवा ज्योति कलश यात्रा का शुभारंभ किया।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह यात्रा शुरू की जा रही है। सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक सीधे पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए व्यवस्था को घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव है और उन्होंने बाबा केदार की धरती से 21वीं सदी को उत्तराखंड की सदी बनाने की बात कही थी। उन्होंने महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए लखपति दीदी समेत विभिन्न योजनाओं का उल्लेख किया। साथ ही दावा किया कि प्रदेश में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन हुआ है।
विरोध से पहले कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। कांग्रेस ने कार्यक्रम में विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। इसके मद्देनजर पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश सचिव मनीष राणा को हिरासत में लिया। कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी उनके घरों से हिरासत में लिए जाने की जानकारी है।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.