उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में पार्टी की दो दिवसीय विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 21 और 22 नवंबर को हरिद्वार में आयोजित होगी। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और चुनावी रोडमैप पर मंथन किया जाएगा।
बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान के मुताबिक, 21 नवंबर को कार्यसमिति की शुरुआत पार्टी के सभी मोर्चों की संयुक्त प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से होगी। इसमें अब तक किए गए सांगठनिक कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी और आने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी। साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए विभिन्न मोर्चों की भूमिका और जिम्मेदारियों पर भी चर्चा होगी।
प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में बनेगी रणनीति
21 नवंबर की शाम प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी आगामी कार्यक्रमों और चुनावी तैयारियों से जुड़े विषयों पर चर्चा करेंगे। इस बैठक में तैयार की गई कार्ययोजना को अगले दिन होने वाली प्रदेश कार्यसमिति की मुख्य बैठक में रखा जाएगा।
22 नवंबर को बीजेपी की विस्तृत प्रदेश कार्यसमिति की मुख्य बैठक होगी। इसमें प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने पर जोर
कार्यसमिति में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की तैयारियों को अंतिम रूप देने पर जोर रहेगा। पार्टी का लक्ष्य चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना और विभिन्न मोर्चों की जिम्मेदारियां स्पष्ट करना है। इसके अलावा जनता के बीच संगठन की गतिविधियां बढ़ाने और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा होगी।
15 नवंबर से मसूरी में भी बैठक
हरिद्वार की कार्यसमिति से पहले बीजेपी 15 नवंबर से मसूरी में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित करेगी। प्रदेश प्रभारी राम माधव और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में होने वाली इस बैठक में दिसंबर महीने के सांगठनिक और चुनावी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों और विभिन्न मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों को भी बुलाया गया है।
बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि मसूरी की बैठक में दिसंबर के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद हरिद्वार की प्रदेश कार्यसमिति में संगठन की व्यापक कार्ययोजना और 2027 के चुनावी रोडमैप पर मुहर लगाई जाएगी।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.
Prev Post